मुजफ्फरनगर में सम्मानित हुईं लखनऊ की रश्मि लहर

मुजफ्फरनगर में सम्मानित हुईं लखनऊ की रश्मि लहर 

मुजफ्फरनगर : 

अग्रणी साहित्यिक संस्था 'वाणी' के संकलन 'हंसिका' का लोकार्पण स्थानीय अरोमा पैलेस में दिनांक 22.02.2026 को समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार वेद प्रकाश शर्मा 'वेद' रहे। अध्यक्षता डा. वीना गर्ग ने की। संचालन लक्ष्मी नितिन डबराल ने किया।
वाणी के वार्षिक संकलन श्रृंखला में इस संकलन हंसिका का संपादन सुनीता मलिक सोलंकी ने किया। इस विशेष अवसर पर लखनऊ की युवा साहित्यकार रश्मि 'लहर' को 'वाणी अर्चना त्यागी सम्मान'  प्रदान किया गया। सम्मान के अन्तर्गत उन्हें सम्मान ट्राफी, प्रशस्ति पत्र, शॉल, पत्रम पुष्पम के रूप में 5100 रुपए की राशि और पूर्व वाणी संकलन भी भेंट किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि वेद प्रकाश शर्मा वेद ने अवसर पर अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा, "इन संकलनों का ऐतिहासिक महत्व है। दशकों बाद इन संग्रहों से ज्ञात हो सकेगा कि उस समय विशेष में कैसा और क्या और किसके द्वारा लिखा जा रहा था।
केवल शब्द विलास साहित्य नहीं है, जिस विधा में लिखा जा रहा है, वह उसके मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
जो हमारे भीतर है, वह ही रचना के रूप में बाहर आना चाहिए।"
समारोह में स्थानीय एवं निकटवर्ती जनपदों के साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
इनमें बृजेश्वर सिंह त्यागी, डा. प्रदीप जैन, डा. बी. के. मिश्र, डा. शिखा कौशिक, संजय श्रीवास्तव, शालिनी कौशिक, रोहित कौशिक, प्रो. आर. एम. तिवारी, रामकुमार शर्मा रागी, परमेंद्र कौशिक, धर्म सिंह, नेमपाल प्रजापति, सुशीला शर्मा, कमला शर्मा, कीर्ति भूषण अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, विपुल शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, दिनेश शर्मा, विपिन त्यागी, पुष्पा रानी, सपना अग्रवाल, विजया गुप्ता, सुनील सिंहल, अमरीश गर्ग आदि उल्लेखनीय हैं।
समारोह के अन्त में वाणी अध्यक्ष डा. वीना गर्ग ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने