मानव जीवन को देवत्व प्रदान करने की संजीवनी है; चरित्र : डॉ. डी आर विश्वकर्मा
चरित्र मानव जीवन की स्थायी निधि है। जीवन में सफलता का आधार मनुष्य का चरित्र है।चरित्र, नैतिक गुणों का वह समुच्चय है, जिसके आधार पर किसी व्यक्ति को बुद्धि, योग्यता या विशेष प्रतिभा के अलावा परखा या आंका जाता है।चरित्र वह आधार है जो व्यक्ति को सर्वप्रथम स्वयं से और तत्पश्चात् समाज से सद्भावना का व्यवहार करने की प्रेरणा देता है।वही,व्यक्तित्व,उन गुणों का समुच्चय है,जो किसी व्यक्ति को एक व्यक्ति के रूप में अलग करता है।सेवा दया परोपकार उदारता त्याग शिष्टाचार और सदव्यवहार आदि चरित्र के बाह्य अंग हैं, तो सदभाव उत्कृष्ट चिंतन नियमित व्यवस्थित जीवन शांत गंभीर मनोदशा चरित्र के परोक्ष अंग होते हैं।चरित्र व्यक्ति की विशेषताओं को भी संदर्भित करता है कि कोई व्यक्ति कितना कमजोर बलशाली संवेदनशील ज़िद्दी बुद्धिमान जिज्ञासु दयालु एवं उदार है।
मित्रों! वह परिवार समाज देश व राष्ट्र अत्यधिक उन्नति करते हैं जहां के व्यक्तियों/ नागरिकों में चरित्र का बल होता है।हम आज बहुतायत अनेकानेक समस्याओं के समाधान में लगे रहते हैं,परन्तु चारित्रिक उन्नति पर ध्यान नहीं देते, जब कि अगर गंभीरता से चिंतन करें,तो हम पायेंगे कि अधिकांश समस्याओं का समाधान चरित्र निर्माण से संभव है।
हमारे मनीषियों ने भी कहा है यदि धन चला गया तो कुछ भी नहीं गया।यदि स्वास्थ्य चला गया तो समझे कुछ चला गया परन्तु यदि चरित्र चला गया तो सब कुछ चला गया।
If character is lost,everything is lost.
आज चरित्र के अभाव के कारण ही सर्वत्र अत्याचार अनाचार पापाचार व हिंसा का वातावरण देखने को मिल रहा है।लोग चंद पैसों के कारण लोभ में ,मोह में ,अपने ईमान को गिरवी रख दे रहें हैं ।कुछ महिलाएँ अपनी अस्मत को भी नीलाम करने में जरा सी भी नहीं हिचकती,तो मित्रों घर परिवार समाज देश में एकता आएगी कैसे?
व्यक्ति के चरित्र निर्माण के कई कारक है जैसे संस्कार,घर समुदाय का वातावरण,शिक्षा,संगति,उत्तम व सात्विक विचार इत्यादि।चरित्र का महत्व जीवन को बनाने में अत्यधिक होता है।चरित्र कोई प्रसुप्त गुण नहीं,बल्कि ओजस्विनी शक्ति है।चरित्र मन को संबल देता है और मनोबल को बढ़ाता है।यह धन बल,बाहुबल से भी अधिक बलवान होता है।आज चरित्र और संस्कारों के अभाव में मानव अपनी पहचान खोने लगा है।
चरित्र,मानव को देवत्व प्रदान करने वाली संजीवनी है।स्वामी दयानंद सरस्वती ने चरित्र निर्माण में सत्य को एक परमावश्यक तत्व मानते थे।उन्होंने सत्य के साथ प्रेम दया करुणा अहिंसा ब्रह्मचर्य अभय सत्साहस अपरिग्रह(ज़रूरत से ज़्यादा चीज़ों को इकट्ठा न करना) त्याग परोपकार न्याय सदाशयता सहिष्णुता धर्म एवं अन्य सद्गुणों को पालन करने से जीवन में उन्नति होने का ज़िक्र किया करते थे ।यही चीजें,व्यक्ति के चरित्र की संपदाएँ हैं।स्वामी जी का मानना था कि लालच लोभ छल कपट से इंसान कभी उन्नति नहीं कर सकता। यदि मानव के पास उत्कृष्ट व्यक्तित्व चरित्र संस्कार और सदाचार की पूँजी है तो इससे निर्मित आत्मबल के आधार पर वह जीवन में आने वाली विषम परिस्थितियों से सामना आसानी से कर सकता है।
माता सीता ने अपने चरित्र के बल से ही महाप्रतापी रावण को भी मात दी थी।राजा हरिश्चंद्र,राजा शिवि और कर्ण ने अपने चरित्र के बल पर ही युगों युगों तक अपने नामों की सार्थकता को सिद्ध किया है।चरित्रवानों को निराशा के क्षणों में भी आशा की किरण दिखाई देती है,जिसके प्रकाश से वे अपना जीवन दीप्तिमान कर लेते हैं।
व्यक्ति अपनी योग्यता की बदौलत तो सफलता अर्जित कर लेता है परन्तु उसका संरक्षण वह चरित्र के बल से ही कर पाता है।
एक चरित्रवान व्यक्ति में उत्तरदायित्व का गुण होता है,जिसमें जबाबदेही,परिश्रम दृढ़ता स्वप्रबंधन कौशल और आत्म नियंत्रण शामिल होता है।चरित्रवान व्यक्ति में निष्पक्षता के गुण विद्यमान होता है जिसमें न्याय करने की क्षमता होती है वह पूर्वाग्रह से मुक्त होता है,और चरित्रवान व्यक्तियों में देखभाल करने का भी गुण पाया जाता है,जिसमें दया सहानुभूति करुणा धैर्य उदारता दान देने का गुण के साथ साथ पारस्परिक कौशल ग्रहण करने कराने का भी गुण होता है।
निष्कलंक चरित्र हेतु नम्रता अहिंसा क्षमाशीलता सेवा शुचिता आत्म संयम विषयों के प्रति अनासक्ति निर्भयता दानशीलता स्वास्थ्य तपस्या और त्याग पराणयता ज़रूरी है।
मज़बूत चरित्र वाले दयावान होते हैं ।करुणा दिखाते हैं ।ईमानदार व निष्पक्ष होते हैं ।लक्ष्य निर्धारित करने में आत्म अनुशासन प्रदर्शित करते हैं।दूसरों के प्रति सम्मान दिखाते हैं। अच्छे निर्णय लेते हैं।विश्वास क़ायम करने के लिए खड़े होते हैं।साहस दिखाते हैं। ज़िम्मेदारी की मज़बूत भावना रखते हैं।सबका आदर करना जानते हैं,और वे अच्छे इंसान होते हैं।
सशक्त चरित्र ही अच्छे व्यक्ति के सफलता का सबसे बड़ा आधार होता है।विनम्रता विनयशीलता सज्जनता जैसी श्रेष्ठ मानवीय विशेषताएँ ही चरित्र की परिभाषाएँ हैं।
किसी व्यक्ति का चरित्र जब देशकाल की सीमाओं से ऊपर उठकर सार्वभौमिक और सार्वकालिक हो जाता है,तब समाज उसे आदर्श रूप में स्वीकार कर लेता है कालांतर में उसके द्वारा किए गए लोक कल्याण के कार्यों के चलते, उन्हें महापुरुष या अवतार मान लिया जाता है।
लेखक: कई पुस्तकों का प्रणयनकर्ता, कई राज्य स्तरीय सम्मानों से विभूषित, साहित्यकार, वार्ताकार, शिक्षाविद और प्रथम श्रेणी का पूर्व अधिकारी है।
समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें। WhatsApp No. 9935694130
पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें। hindustanjanatanews.in