विद्यार्थियों के विद्या (ज्ञान) विकास में ; अभिभावकों की भूमिका : डॉक्टर दयाराम विश्वकर्मा
पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें ।
शास्त्रों में वर्णित है कि-विद्ययामृतमश्नुते अर्थात् विद्या से ही अमृत, मोक्ष, अमर व दिव्य जीवन की प्राप्ति संभव है। कहते हैं कि बच्चे ही किसी राष्ट्र देश परिवार की निधि व समाज की मुस्कुराहट होते हैं। बच्चे ही राष्ट्र की वे कलियाँ हैं जो विकसित होकर फूल बनते हैं और कालान्तर में अपने ज्ञान दिव्य गुणों और उज्ज्वल चरित्र से, श्रम से, त्याग और पुरुषार्थ से अपने परिवार समाज व देश को महकाते हैं।
जैसा कि हम सभी जानते हैं कि शिक्षा ही किसी भी परिवार समाज और राष्ट्र के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बच्चों को अभिभावकों को अच्छी से अच्छी शिक्षा देनी चाहिए और उन्हें बचपन से ही अच्छे संस्कार भी सिखाने चाहिए, इसीलिए मनीषी गण कहते हैं कि बच्चों को शिक्षित ही नहीं;संस्कारित भी बनाना हर अभिभावकों की जिम्मेदारी है।
संस्कृत में एक श्लोक आता है-माता शत्रु पिता वैरी,येन बालो न पठित:।न शोभते सभा मध्ये हंस मध्ये बको यथा ।।अर्थात् माता शत्रु और पिता वैरी होता है,जिसने अपने बच्चों को नहीं पढ़ाया।अनपढ़ बच्चे किसी सभा में वैसे ही शोभा पाते हैं जैसे हंसों के मध्य बगुला।यानि अनपढ़ों की दशा यही होती है।हाँ अभिभावकों को अपने बच्चों से निम्न व्यवहार भी नहीं करना चाहिए।बच्चों को मारना-बच्चे मारने से अपनी प्रतिभा खो देते हैं।बच्चों को चिढ़ाना-बच्चों को चिढ़ाने से वे प्रयास करना बंद कर देते हैं ।बच्चों का उपहास नहीं उड़ाना चाहिए,क्योंकि उपहास करने से बच्चे अपना आत्म विश्वास खो देते हैं।बच्चों पर भरोसा करें;उनकी उपलब्धि पर,प्रशंसा करें।बच्चों को संस्कारित बनाने हेतु माँ की भूमिका सबसे ज़्यादा होती है।कहते भी हैं कि माँ ही बच्चों की प्रथम पाठशाला होती है।माँ को बच्चों को सत्य बोलने की आदत डालनी चाहिए।किसी जीव को दुख न देने की शिक्षा देनी चाहिए।बचपन से ही बच्चों को पौधों को विनष्ट न करने की आदत डलवानी चाहिए।अनावश्यक ढंग से ढेले पत्थर न चलाने की सलाह देनी चाहिए।किसी की बात छुप कर न सुनने की हिदायत देनी चाहिए।बच्चों को यह भी सिखाना चाहिए कि वे किसी की बात छुप कर न सुनें।और जो कहें उसका पालन करें।किसी से किया गया समझौता को न तोड़ें।नाखून न चबाने,हाथ पाँव अनावश्यक न हिलाने की शिक्षा देनी चाहिए।किसी के साथ लड़ाई झगड़ा गाली गलौज न करने की बचपन से ही शिक्षा देनी चाहिए।सभी का सम्मान करने की आदत बचपन से ही सिखानी चाहिए।वास्तव में
हमारी शिक्षा का मुख्य उद्देश्य यह होना चाहिए कि ऐसी युवा पीढ़ी तैयार हो जो शारीरिक मानसिक प्राणिक बौद्धिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से पूर्ण विकसित हो और जीवन की तमाम चुनौतियों का सामना सफलतापूर्वक कर सकने में,विद्यार्थियों को सम्बल प्रदान करे।यदि अभिभावक गण अपने पाल्यों को अच्छी शिक्षा देंगे तो इससे समाज की कुरीतियों,शोषण व अन्याय से भी मुक्ति मिलेगी फलस्वरूप समाज समरस समुन्नत और सुसंस्कृत बनेगा और मानवतावादी शक्तियों में वृद्धि होगी।ज्ञान यानि
विद्या मनुष्य की अनुपम कृति है,भाग्य के नाश होने पर वह आश्रय देती है,विद्या कामधेनु है,विरह में रति के समान है,विद्या ही तीसरी नेत्र है,सत्कार का मंदिर है,कुल की महिमा है,बिना रत्न के आभूषण है,इसलिए अन्य विषयों को छोड़कर बच्चों को विद्यावान बनाना चाहिए।
अल्बर्ट आइंस्टीन ने शिक्षा के सन्दर्भ में कहा है यह तथ्यों का सीखना नहीं है बल्कि यह मस्तिष्क को शिक्षित करने का माध्यम है।नेल्सन मंडेला ने शिक्षा के सन्दर्भ में कहा है कि शिक्षा वह शस्त्र है जो पूरी दुनिया को बदल सकने में समर्थ है।कुछ मनीषियों का कहना है कि सीखना जीवन पर्यन्त चलने वाली प्रक्रिया है।विद्या(ज्ञान)के सन्दर्भ में विद्वानों और मनीषियों ने कहा है कि-नास्ति विद्या समम चक्षु यानि विद्या के समान कोई आँख नहीं है।विद्या विहीनः पशु: यानि विद्या विहीन व्यक्ति पशु के समान होता है।विद्या धर्मेण शोभते-विद्या धर्म से सुशोभित होती है।विद्या ददाति विनयम-विद्या से जीवन में नम्रता आती है।विद्या गुरुणाम गुरु:-विद्या गुरुओं की भी गुरु होती है।विद्या दो प्रकार की होती है।पहला अपरा विद्या-जो सांसारिक और भौतिक ज्ञान है वह अपरा विद्या के अन्तर्गत आता है ।दूसरा परा विद्या-सत्य का ज्ञान,ब्रह्म का ज्ञान यानि ब्रह्म विद्या आत्म विद्या को भी परा विद्या कहते हैं।विद्या का मूल अर्थ सत्य का ज्ञान,परमार्थ तत्व का ज्ञान या आत्मज्ञान-अद्वैत वेदांत में परमार्थ तत्व या सत्य मात्र ब्रह्म को स्वीकार किया गया है।ब्रह्म एवं आत्मा में कोई अंतर नहीं है।यह आत्मा ही ब्रह्म है;अस्तु विद्या को विशिष्ट रूप से आत्म विद्या या ब्रह्म विद्या भी कह सकते हैं।वास्तविकता एवं भ्रम को ठीक ठीक जानना;वेदांत में ज्ञान कहा गया है।वेदांत में ज्ञान को ही,मोक्ष का साधन माना गया है।ईशोपनिषद् में वर्णित है कि जो विद्या और अविद्या इन दोनों को ही एक साथ जानता है;वह अविद्या से मृत्यु को पार करके विद्या से अमृत्व(देवात्म भाव,देवत्व)को प्राप्त कर लेता है।विद्या के सन्दर्भ में संस्कृत में एक श्लोक आता है,जो निम्न है।
विद्या ददाति विनयम,विनयादि पात्रताम,पात्रत्वाद धनमापनोती,धनाद धर्मम् ततःसुखम। अर्थात् विद्या(ज्ञान)मनुष्य को विनम्र अनुशासित और शीलवान बनाती है।विनम्रता से व्यक्ति में योग्यता या पात्रता आती है।योग्यता होने से व्यक्ति को धन संसाधन और समृद्धि की प्राप्ति होती है।धन प्राप्त होने पर व्यक्ति धर्म युक्त सत्कर्म परोपकार और कर्तव्य का पालन करता है।उस कर्म से उसे जीवन में सच्चा सुख और शांति प्राप्त होती है।विद्या के विषय में शास्त्रों में यह भी कहा गया है कि—-
न चौर्य हार्यम,न च भातृ भाज्यम,न राज्य हार्यम न च भारकारी।
व्यये कृते वर्धत एव नित्यम,विद्या धनम सर्व धनम प्रधानम।।
विद्या रूपी धन,एक ऐसा खजाना है,जिसे न तो कोई चोर चुरा सकता है,और न कोई राजा छीन सकता है।विद्या ऐसा धन है,जिसे भाई बांट नहीं सकता।इसे साथ लेकर चलने में कोई बोझ महसूस नहीं होता,बल्कि आप जितना इसे ख़र्च करते हैं,वह और बढ़ता जाता है।धन खर्च करने पर घटता है ;लेकिन ज्ञान बाँटने से और स्पष्ट होता है;इसीलिए विद्या को सभी धनों में प्रधान और सर्वश्रेष्ठ माना गया है।
कहते हैं कि विद्या जीवन यात्रा में माता के समान रक्षा करती है,पिता के समान हितकारी कार्यों में नियुक्त करती है।पत्नी के समान खेद को दूर कर आनन्दित और प्रफुल्लित करती है और चहुदिशाओं में कीर्ति का विस्तार कर धन धान्य से समृद्धि बनाती है।इसलिए कहते हैं कि-किम किम न साध्यति कल्पलतेव विद्या अर्थात् कल्पलता के समान विद्या कौन सा अभीष्ट सिद्ध नहीं करती।
शास्त्रों में विद्यार्थी के पाँच लक्षण बताए गए हैं वह निम्न श्लोक में वर्णित हैं-काक चेष्टा,वक़ो ध्यानम्,श्वाननिद्रा तथैव च।अल्पहारी गृहत्यागी विद्यार्थिनःपंच लक्षणम्।।अर्थात् विद्यार्थी को कौवे जैसी चेष्टा रखनी चाहिए और बगुलों जैसा ध्यान का अभ्यासी होना चाहिए।उन्हें कुत्तों के समान निद्रा लेनी चाहिए।विद्यार्थियों को अल्पाहारी और गृहत्यागी भी होना चाहिए।यह पाँच लक्षण विद्यार्थियों के बताए गए हैं।
शास्त्रों में पाँच प्रकार के व्यक्ति विद्या ग्रहण करने के अयोग्य होते हैं।यानि ऐसे स्वभाव के व्यक्ति विद्या ग्रहण नहीं कर सकते,जो क्रोधी स्वभाव का हो,जो सुनकर समझकर नहीं काम करते,जो समय पर काम नहीं करते आलसी होते हैं,जो जन्म से रोगी होते हैं और जिसका मन अन्यत्र खेलने खाने में लगा रहता है,जिसका मन विस्मृत है।
पंच विद्यां न गृहन्ति चंडा:,स्तब्धाश्च ये नरा:।
अलसश्च सरोगाश्च येषाम च विसृतम मन:।।
लेखक: कई पुस्तकों का लेखक,कई राज्य स्तरीय सम्मानों से विभूषित वरिष्ठ साहित्यकार,वार्ताकार,वरिष्ठ प्रशिक्षक ऑल इण्डिया रेडियो का नियमित वार्ताकार,शिक्षाविद और प्रथम श्रेणी का पूर्व अधिकारी रह चुका है।